Maharajganj में कांग्रेस जिलाध्यक्ष शरद कुमार सिंह हाउस अरेस्ट
महराजगंज टाइम्स ब्यूरो:- कांग्रेस जिलाध्यक्ष शरद कुमार सिंह को उनके आवास भिटौली में बीती रात मंगलवार को पुलिस ने हाउस अरेस्ट कर दिया। कांग्रेस पार्टी द्वारा 18 दिसंबर को विधानसभा घेराव के आह्वान के चलते यह कार्रवाई की गई है। जिलाध्यक्ष शरद कुमार सिंह ने आरोप लगाया कि योगी सरकार लोकतांत्रिक आवाज को दबाने का प्रयास कर रही है। शरद कुमार सिंह ने कहा कि बेरोजगारी, महंगाई, महिलाओं पर अत्याचार, समुदाय विशेष के उत्पीड़न और बुलडोजर कार्रवाई के मुद्दों पर योगी सरकार से जवाब मांगने के लिए पार्टी कार्यकर्ता लखनऊ पहुंचने वाले थे। लेकिन प्रशासन ने उन्हें घर में नजरबंद कर विधानसभा घेराव कार्यक्रम को विफल करने की कोशिश की है। कांग्रेस नेता ने कहा कि भाजपा की दमनकारी नीतियों का विरोध करने के लिए पार्टी का हर कार्यकर्ता तैयार है। उन्होंने आरोप लगाया कि राज्य सरकार सच का सामना करने से डर रही है और लोकतांत्रिक अधिकारों को कुचल रही है। शरद कुमार सिंह के आवास पर बड़ी संख्या में पुलिस बल तैनात किया गया है, जिसमें महिला पुलिसकर्मी भी शामिल हैं। मौके पर कांग्रेस के कई नेता और कार्यकर्ता मौजूद रहे, जिन्होंने इस कार्रवाई की कड़ी निंदा की।
यह भी पढ़ें : सरकारी कचरा गाड़ी से ईंट ढुलाई का VIDEO VIRAL: घुघली नगर पंचायत में मचा बवाल, सफाईकर्मी भी दिखे ईंट उतारते, जांच के आदेश